बस्ती। पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर अमर शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार से फुटबाल प्रतियोगिता शुरू हुई। पहले दिन पांच मैच खेले गए। अयोध्या बनाम प्रयागराज के बीच हुए मैच में अयोध्या के रुपेश यादव ने ताबड़तोड़ दो गोल कर टीम को जीत दिलाने में भूमिका निभाई।
आजमगढ़ और बरेली के बीच हुए मुकाबले में 22वें मिनट में बरेली के कार्तिक ने एक गोल मारकर बरेली की टीम को जीत दिला दी। चित्रकूट बनाम मेरठ के बीच खेल गए दूसरे मैच में मेरठ के अभिषेक ने 29वें मिनट में एक गोल किया। इससे मेरठ की टीम ने बढ़त लेते हुए मैच जीत लिया। देवीपाटन बनाम विंध्याचल के बीच लीग मैच खेला गया। 36वें मिनट में देवीपाटन के पीयूष ने एक गोल मारकर टीम को जीत दिलाई।
पांचवां मैच बनारस और झांसी के बीच खेला गया। इससे पहले डीएम आंद्रा वामसी व सांसद के प्रतिनिधि जगदीश शुक्ल ने खिलाड़ियाें से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया। डीएम ने कहा कि जिले में नियमित खेल प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं। इसका लाभ प्रदेश के अन्य जिलों के खिलाड़ियों को भी मिल रहा है। क्रीड़ाधिकारी संजय शर्मा ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष आलोक पांडेय, अर्जुन उपाध्याय, प्रमोद कुमार जायसवाल, विकास सोनकर, अस्मिता गुप्ता, मनोज तिवारी, विवेक शर्मा आदि मौजूद रहे।