दो फरवरी को कर्नाटक से रेलवे के होने वाले मुकाबले में 15 सदस्यीय टीम में हुआ चयन
लेफ्ट आर्म स्पिनर के रूप में जिले का बढ़ा रहे मान
....संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सदर क्षेत्र के मलकौली गांव निवासी अयान चौधरी का चयन रेलवे टीम से रणजी ट्राॅफी के लिए हुआ है। क्रिकेट का ककहरा जिले से सीखने के बाद पहले अंडर-19 व अंडर-23 झारखंड टीम में मौका मिला। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार अच्छे प्रदर्शन की बदौलत मध्य रेलवे ने उन्हें अपने यहां नौकरी दी।
जिले के मलकौली गांव निवासी स्व. ब्रजभूषण यादव की पांच संतानों में सबसे छोटे अयान वर्ष 2008 में स्पोर्ट्स स्टेडियम में क्रिकेट का प्रशिक्षण लेने आए। प्रशिक्षक नीरज वाजपेयी की देखरेख में वह खेल का ककहरा सीखने लगे। इस युवा ने अपनी प्रतिभा की बदौलत लेफ्ट आर्म स्पिनर के रूप में धीरेे-धीरे अलग पहचान बनाई। यूपी टीम से मौका नहीं मिला तो झारखंड का रुख कर लिया। वहां से अंडर-19 व अंडर-23 में बेहतर प्रदर्शन किया। अच्छे प्रदर्शन की बदौलत ही मध्य रेलवे भोपाल ने उन्हें अपने यहां बुकिंग क्लर्क की नौकरी दी। इसके बाद वह रेलवे टीम से खेलने लगे।
रेलवे की अंडर-25 टीम से अच्छे प्रदर्शन की बदौलत पहले वह रणजी के लिए घोषित अंतिम 25 सदस्यीय टीम में चुने गए। वर्तमान सत्र में रणजी के मुकाबले चल रहे हैं। अब रेलवे ने उन्हें 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया है।
दो फरवरी को होगा कर्नाटक से मुकाबला
अयान ने सोमवार को बताया कि दो फरवरी को रेलवे टीम रणजी ट्राॅफी का मुकाबला कर्नाटक से सूरत में होगा। अगला मैच भी यहीं पर गोवा से होगा। इसके बाद अगला मुकाबला त्रिपुरा से अगरतल्ला में होगा। सीके नायडू ट्राॅफी में वह पहले भी खेल चुके हैं। लेकिन, रणजी में पहली बार खेल रहे हैं। यह उनके लिए बड़ा मंच होगा। बेहतर प्रदर्शन कर और अधिक से अधिक विकेट लेकर वह आगामी मैचों में अपनी टीम को जीत दिलाने की शत-प्रतिशत कोशिश करेंगे।
पहली बार जिले के खिलाड़ी को मिला है बड़ा मौेका
अयान के स्थानीय व भुजौली काॅलोनी में देवरिया क्रिकेट क्लब के प्रशिक्षक नीरज वाजपेयी ने सोमवार को बताया कि पहली बार जिले का कोई खिलाड़ी रणजी ट्राॅफी के लिए चुना गया है। इससे अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। सीनियर खिलाड़ी अतुल वर्मा, राधेश्याम शुक्ला, रामेश्वर प्रजापति, राहुल तिवारी, बजरंगी मणि, दुर्गेश पांडेय, पुनीत मिश्रा, राहुल सिंह, दिनेश यादव, अभिषेक रावत, कृष्णा पांडेय, शाकिर अली, पवन विश्वकर्मा आदि ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी।