देवरिया। जनपद में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना मईल पुलिस ने बुधवार को हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, 13 जुलाई को पैमाइश को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपियों ने वादी राणा प्रताप तिवारी और उनके परिजनों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। जिसमें नंदन मिश्रा उर्फ शिवेंद्र मिश्रा, अतुल पांडेय उर्फ छोटे व रियाज के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। उसके बाद से तीनों आरोपित फरार चल रहे थे।
बुधवार को मुखबीर की सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के भागलपुर निवासी अतुल पाण्डेय उर्फ छोटे भागलपुर चौराहे पर कही भागने के फिराक में है। मामला को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मौके पर पहुंच उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में नंदन मिश्रा उर्फ शिवेंद्र मिश्रा और रियाज अभी फरार हैं। संवाद