भटनी। थाना क्षेत्र के मोतीपुर भुआल गांव में मारपीट के मामले में कोर्ट में समझौता नहीं करने पर मारपीट, धमकी और घर में आग लगाने का आरोप है। मामले में मंगलवार को पुलिस ने 10 आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मोतीपुर भुआल गांव निवासी कोमल प्रसाद और रामनरेश प्रसाद के बीच पुरानी रंजिश है। मामले में कोमल की शिकायत पर रामनरेश पक्ष पर प्राथमिकी दर्ज है।
आरोप है कि कोर्ट में मामले की सुनवाई में तेजी आने और गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी पक्ष पीड़ित परिवार पर समझौता करने का दबाव बना रहा है।
इसी मामले को लेकर रविवार को रामनरेश पक्ष के लोग गोलबंद होकर पीड़ित परिवार पर हमला बोल दिया।
रात करीब दो बजे आरोपियों ने घर में आग लगाने की कोशिश की। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई। इससे विवाद टल गया।
कोमल प्रसाद की पत्नी ज्ञानती देवी की शिकायत पर पुलिस ने रामनरेश प्रसाद, विनय, गंगेश, मुकेश, योगेश, राधिका देवी, धर्मेंद्र, रविंद्र, भीमल तथा सुशीला देवी पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीओ भाटपाररानी मनोज कुमार ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।