बरियारपुर थाना क्षेत्र के डीहा बसंत गांव में मंगलवार रात दरवाजे पर सो रहे मजदूर की अज्ञात लोगों ने चाकू से गला काट दिया। मजदूर के शोर मचाने पर परिजनों व पड़ोसियों को आते देख हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घायल मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका इलाज गोरखपुर स्थित अस्पताल में चल रहा है। जानकारी पर पहुंची पुलिस पीड़ित से पूछताछ करने के बाद घटना की जांच में जुटी है।
बरियारपुर थाने के डीहा बसंत गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार (40) मजदूर है। मंगलवार रात वह भोजन करने के बाद घर के दरवाजे पर चारपाई बिछाकर सो गया। आधी रात को कुछ लोगों ने उस पर हमला बोल दिया। मारपीट करने के बाद चाकू से गला काट दिया। किसी तरह अपने को बचाने के बाद धर्मेंद्र शोर मचाने लगा।
शोर सुनकर परिवार के सदस्य व पड़ोसी घटनास्थल की ओर दौड़े, तब तक हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। परिजन धर्मेंद्र को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बुधवार को घटना की जानकारी होने पर पुलिस पीड़ित से पूछताछ करने के बाद घटना की छानबीन करने में जुटी है। एसओ प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के बाद पीड़ित से पूछताछ की गई है। जल्द ही हमलावरों को पकड़ लिया जाएगा।