खुखुंदू थाना क्षेत्र के बतरौली पांडेय गांव का मामला, पुलिस से बोला आरोपी-पैसे के लेनदेन को लेकर दिया था घटना को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के बतरौली पांडेय गांव के रहने वाले बालकिशुन पर हुए जानलेवा हमले में गिरफ्तार आरोपी युवक अजय ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकारी है। पुलिस ने उसे गांव के चौराहे से गिरफ्तार किया। इसके बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस बेटी प्रतिभा की तहरीर पर गांव के अजय के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर उसकी तलाश कर रही थी। पूछताछ में अजय ने बताया कि दोनों ने पहले छक कर शराब पी और फिर पैसे के लेनदेन को लेकर ईंट से सिर फोड़ दिया।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के बतरौली पांडेय गांव निवासी बाल किशुन प्रसाद गांव के अजय के साथ बीते तीन मार्च को खुखुंदू आए। हालांकि, वह लौटकर घर नहीं पहुंचे। बेटी प्रतिभा ने अजय के घर जाकर पिता के बारे में पूछा तो अजय ने खुखुंदू में होने की बात कही। उधर, देर-रात को 112 पुलिस चोटिल बालकिशुन को लेकर उनके घर पहुंची। सिर में गंभीर चोट लगने के चलते वह कुछ बोलने की स्थिति में नहीं थे। वर्तमान में भी उनका बीएचयू वाराणसी में इलाज चल रहा है।
बेटी प्रतिभा का कहना है कि वाराणसी में पिता भर्ती हैं। जीवन और मौत से जूझ रहे हैं। प्रतिभा की तहरीर पर पुलिस ने गांव के अजय कुमार पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की विवेचना कर रहे उप निरीक्षक दिनेश सिंह यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अजय ने बताया कि घटना के दिन हम दोनों लोग एक साथ खुखुंदू में शराब पीकर घर के लिए चले। परसिया मिश्र के पास आने पर फिर शराब पीने के लिए पैसे के लेनदेन को लेकर मैंने बालकिशुन के सिर पर ईंट से वार कर दिया। गंभीर रूप से चोटिल होने पर उन्हें वहीं सड़क किनारे छोड़कर घर चला आया।
इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की गई है। उसे जेल भेज दिया गया। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि जांच-पड़ताल में आरोपी पर लगे आरोप सही पाए गए हैं। इसके बाद आरोपी युवक अजय को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया। जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।