600 मीटर दौड़ बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता सीएस नरायनपुर तरकुलवा की आतिया (मध्य में) साथ म
- फोटो : 1
देवरिया। बेसिक शिक्षा विभाग की प्रांतीय खेल प्रतियोगिताएं सोमवार से अयोध्या में शुरू हो गईं। पहले दिन खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन कर अपने जिले और मंडल का नाम ऊंचा किया। तरकुलवा ब्लॉक की आतिया ने 600 मीटर दौड़ और लंबी कूद में स्वर्ण पदक प्राप्त कर जिले के खिलाड़ियों का विजय रथ आगे बढ़ाया। उन्हें बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने पुरस्कृत किया।
प्रांतीय खेल प्रतियोगिता में आयोजित होने वाले विभिन्न खेलों व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए जिले के विभिन्न विद्यालयों के 238 खिलाड़ी सात बसों से अयोध्या गए हैं। पहले दिन की खेल प्रतियोगिताओं में तरकुलवा ब्लॉक के कम्पोजिट विद्यालय नरायनपुर में कक्षा सात की छात्रा आतिया ने 600 मीटर दौड़ और लंबी कूद में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया। इसी विद्यालय के किताबुद्दीन ने लंबी कूद में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीतने में सफल रहे। इसी तरह रुद्रपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय रामकुटी की कबड्डी टीम ने लखनऊ को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं वॉलीबाल की टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रही। खिलाड़ियों की इस सफलता से साथ गए अधिकारियों व खिलाड़ियों का मनोबल ऊंचा रहा। खेल के नोडल अधिकारी बीईओ सत्यप्रकाश ने बताया कि हमारे बच्चों ने काफी मेहनत किया है। इसका परिणाम आज सामने है। इस अवसर पर देवरिया सदर के बीईओ देवमुनि वर्मा, देसही देवरिया के गोपाल मिश्र, जिला व्यायाम शिक्षक संजय कुमार सिंह, जिला व्यायाम शिक्षिका शर्मिला यादव, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक संजय तिवारी, रंजय पांडेय आदि उपस्थित रहे।