संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में सरकारी समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए जिले में क्रय केंद्र तो खोल दिए गए हैं, लेकिन अधिकांश केंद्रों पर अभी खरीद शुरू नहीं हो सकी है। कहीं केंद्रों पर प्रभारी की तैनाती नहीं हुई है तो कहीं संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद बारिश के कारण खरीद शुरू नहीं हो पाई है।
वहीं, किसानों को पंजीकरण कराने में भी तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हुई बारिश से खेतों में पानी भरने और धान की फसल की कटाई प्रभावित होने से भी खरीद प्रक्रिया की रफ्तार धीमी है। तरकुलवा के 14 किसानों को मिला टोकन, खरीद का इंतजार : तरकुलवा। विकासखंड क्षेत्र में धान खरीद के लिए विपणन शाखा के दो, मंडी समिति के दो और पीसीएफ का एक सहित कुल पांच क्रय केंद्र बनाए गए हैं। विपणन शाखा के क्रय केंद्र पर सोमवार तक 14 किसानों का पंजीकरण कर टोकन वितरित किया गया, लेकिन खरीद शुरू नहीं हो सकी। केंद्र पर कांटा, बोरा, झरना और पावर डस्टर सहित सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध हैं।
केंद्र प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि संजय कुमार मिश्र, शशि शाही, राजीव शाही, मार्कण्डेय सिंह और विजय राव सहित 14 किसानों का पंजीकरण कर टोकन दिया गया है। बेमौसम बारिश के कारण खरीद शुरू नहीं हो पाई है। अगले दो-तीन दिनों में खरीद शुरू होने की उम्मीद है। उधर, पीसीएफ क्रय केंद्र पर अभी कर्मचारी भी नहीं पहुंचे थे। भाटपार रानी के दोनों केंद्रों पर नहीं हुई प्रभारी की तैनाती : भाटपार रानी। तहसील क्षेत्र के भाटपार रानी और बनकटा ब्लॉक में एक-एक धान क्रय केंद्र बनाया गया है। सोमवार तक दोनों केंद्रों पर खरीद शुरू नहीं हुई थी। भाटपार रानी ब्लॉक का केंद्र फुलवरिया चौराहे पर चनुकी रोड स्थित है, जबकि बनकटा ब्लॉक में हाट शाखा को क्रय केंद्र बनाया गया है।
दोनों जगह अभी प्रभारी की तैनाती नहीं हुई है। एसडीएम दीपराज सिंह ने बताया कि दोनों केंद्रों पर जल्द ही प्रभारी नियुक्त कर खरीद शुरू कराई जाएगी। उधर, किसानों का कहना है कि लगातार तीन दिन बारिश होने से निचले इलाकों के खेतों में पानी भरा है। ऊपरी क्षेत्रों में दो दिन से धूप निकलने पर कटाई शुरू हुई है।