हिंदी दिवस पर निबंध लिखने का अनोखा कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर। सेंट जेवियर्य स्कूल के दो अध्यापक और 39 छात्रों ने मिलकर बुधवार को रुद्रपुर में हिंदी दिवस को यादगार बना दिया। उन्होंने दो फीट चौड़े और 77 फीट लंबे कागज पर हिंदी दिवस पर निबंध लिखने का अनोखा कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इसकी तैयारी एक माह से चल रही थी। निबंध लेखन को निष्पादित करने के लिए स्कूल के चुनिंदा 39 छात्र-छात्राओं को चयनित किया गया।
उन्होंने हिंदी भाषा के महत्व उसके विस्तार, बोधगम्यता, सरलता, प्रसार और भाषा के विकास में व्यक्तियों के योगदान पर एक साथ निबंधन लेखन का कार्य किया। 77 फीट लंबे कागज पर हिंदी में लिखे गए निबंध को यादगार के तौर पर स्कूल के वाचनालय में सुरक्षित रखा जाएगा। प्रधानाचार्य आनंद शंकर श्रीवास्तव ने बताया कि हिंदी दिवस पर हर साल वाद विवाद, निबंध लेखन आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन होता है।
इस वर्ष विद्यालय के अध्यापक देवेश पांडेय और रजनीश की देखरेख में 39 छात्र-छात्राओं की टीम ने हिंदी के विभिन्न पहलुओं पर एक घंटे में 77 फीट लंबे कागज पर निबंध लेखन का काम किया। मातृ भाषा की सार्वभौमिकता बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन आकर्षित करते हैं। इसके अलावा हिंदी में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया। नगर के कई विद्यालयों में हिंदी दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
श्रीकृष्ण उपाध्याय महिला महाविद्यालय में हिंदी के महत्व पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में प्रबंधक मोहन उपाध्याय, डॉ अमित सिंह, डॉ मृदुला मिश्रा, तुषार कांत पाठक, प्रतिभा दुबे, धमेंद्र कुमार, किरन यादव आदि मौजूद रहें।