रामपुर कारखाना। क्षेत्र के मुंडेरा लाला गांव के पास सोमवार की रात उस समय सनसनी फैल गई जब नकाबपोशों ने बाइक सवार दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना उस वक्त हुई जब मुंडेरा लाला गांव निवासी विनीत यादव (22) व राहुल यादव (17) किसी काम से बैजनाथपुर जा रहे थे। दोनों हिरंदापुर-देसही मार्ग के करमहा चौराहे से आगे एक पुल के पास पहुंचे थे, तभी चेहरे पर गमछा बांधे कुछ युवकों ने उनकी बाइक रोक ली और हमला कर दिया।
घायलों के अनुसार, नकाबपोशों ने पहलेहाथापाई की और फिर चाकू से वार करने लगे। हमले में विनीत यादव के सीने पर गंभीर घाव आए हैं, जबकि राहुल यादव के हाथ पर भी चाकू के कई निशाननैं।
परिवार वालों की मदद से दोनों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां विनीत की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। राहुल को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। थानाध्यक्ष गोरखनाथ सरोज ने बताया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद