संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय ने शुक्रवार को कोतवाली थाना का वार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय अभिलेख, मालखाना, हवालात, मिशन शक्ति केंद्र और साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने थाना कार्यालय में विभिन्न रजिस्टरों, अपराध पंजिका, लंबित विवेचनाओं और अन्य अभिलेखों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने थाने में पड़े पुराने माल-मुकदमाती और जब्त सामान के निस्तारण की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्हें विधिक प्रावधानों के तहत समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए।
साथ ही मालखाना में रखे सामान की सूची और सुरक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया। इसके अलावा विवेचकों के साथ बैठक कर विवेचनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई और उन्हें गुणवत्तापरक व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। एएसपी ने हवालात का निरीक्षण कर बंदियों की सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश और पेयजल व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने मेस, बैरक और शस्त्रागार का निरीक्षण कर साफ-सफाई और शस्त्रों के रख-रखाव को मानक के अनुरूप बनाए रखने को कहा।
वहीं सीसीटीएनएस कार्यालय का निरीक्षण कर अपराध संबंधी सूचनाओं की ऑनलाइन प्रविष्टि और डेटा अपडेट की स्थिति की भी समीक्षा की। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार राय सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।