संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाने के पास सोमवार की दोपहर बाद एक आम लदे पिकअप को रोक कर एआरटीओ आशुतोष शुक्ला ने ओवरलोड बताकर 26 हजार का चालान काटने को कहा। इसपर चालक बोला, जितना चालान बनता है काट दीजिए, हम ऑनलाइन भर देंगे साहब।
इसी बीच एआरटीओ चालक और पिकअप चालक में किसी बात पर बहस होने लगी। चालक ने कहा कि अगर गाड़ी पकड़ी गई तो इसमें जो फल है सड़ जाएगा। ऐसा हुआ तो हम यहीं पर आत्मदाह कर लेंगे। आत्मदाह की बात सुनते ही एआरटीओ के सुरक्षाकर्मी पिकअप चालक को पकड़ थाने लेकर चले गए।
पुलिस ने पिकअप सीज कर दिया है और चालक से पूछताछ करने की बात कह रही है। जानकारी के अनुसार, इमरान अंसारी निवासी बंजारी बहराइच के आम के व्यापारी हैं। वह सोमवार को आॅर्डर पर एक पिकअप से आम लेकर सलेमपुर जा रहे थे। सोनूघाट के पास एआरटीओ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
वहां पिकअप को सुरक्षाकर्मियों ने हाथ देकर रोक लिया। इसके बाद पिकअप को ओवरलोड बता चालक राजू से चालान की बात कही गई। उसने कहा ठीक है, चालान कर दीजिए। फिर उसे पिकअप लेकर खुखुंदू थाने चलने को बोला गया।
चालक पिकअप लेकर खुखुंदू थाने चल दिया। पीछे से एआरटीओ की गाड़ी भी आ रही थी। जैसे ही पिकअप चालक गाड़ी लेकर खुखुंदू थाने के पास आया तो उसे इशारा कर थाना गेट से कुछ दूर आगे ले जाकर रोकने को कहा गया। वहां पिकअप रुकने के बाद एआरटीओ के चालक पिकअप चालक से जाकर बोला कि 26 हजार का चालान कटेगा।
पिकअप चालक राजू ने कहा जो चालान काट दीजिए, ऑनलाइन भर देंगे। गाड़ी पकड़ी गई तो आम सड़ जाएगा और मैं यहीं आत्मदाह कर लूंगा।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इसके बाद पिकअप चालक और एआरटीओ चालक के बीच नोकझोंक होने लगी।
फिर उनके सुरक्षाकर्मी पिकअप चालक को पकड़कर थाने में लेकर चले गए। खुखुंदू पुलिस का कहना है कि पिकअप सीज कर दिया गया है और चालक पर बदसलूकी का आरोप है। उससे पूछताछ की जा रही है।