तुलसियापुर/ढेबरुआ। नेपाल के कपिलवस्तु जिले महराजगंज नगरपालिका के बरगदा में गत ईद के दिन भड़की सांप्रदायिक हिंसा के पांचवें दिन बुधवार को हालात सामान्य होने लगे हैं। बाजार खुल गए, सामान्य दिनों की तरह भंसार कार्यालय भी खुल गया। सेना हटा दी गई लेकिन, सशस्त्र बल के जवानों का दंगा प्रभावित इलाके में लगातार भ्रमण जारी रहा है।
नेपाल में दंगा प्रभावित इलाके और कुछ ऐसे स्थानों और बवाल की आशंका वाले क्षेत्रों में रात आठ बजे के बाद बिना किसी जरूरी कारण के निकलने पर कार्रवाई के दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की निगरानी और गश्त जारी है। दोनों पक्षों में प्रशासन की मौजूदगी में विवाद करने को लेकर समझौता भी हो गया है। वहीं, भारतीय क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सामान्य दिनों की तरह से हो गया है। लेकिन, सतर्कता बरती जा रही है।
सीमा से सटे नेपाल के कपिलवस्तु जिले के महाराजगंज नगर पालिका के बरगदा में ईद के दिन काली मंदिर में हुई तोड़फोड़ के बाद उपजे विवाद के बाद बुधवार को प्रशासन की मौजूदगी में प्रभावित गांवों में दोनों पक्षों को बैठाकर विवाद न करने पर समझौता हुआ। इसके बाद सेना को पूरी तरह से विवादित क्षेत्र से हटा दिया गया। अब केवल पुलिस ही गश्त कर रही है। कृष्णानगर में भंसार कार्यालय के बुधवार से काम करने से नेपाल आवागमन शुरू हो गया है। कृष्णानगर, बहादुरगंज, महराजगंज जैसे बाजार मंगलवार को ही खुल गए थे।
बाजारों के खुलने से लोगों में तनाव भी कम हुआ था। कुछ स्वयंसेवी संगठन व सामाजिक लोगों ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से किसी भी प्रकार का विवाद न करने की अपील भी की। प्रशासन की कार्रवाई व कुछ स्वयंसेवी संगठन व सामाजिक लोगों की अपील का असर भी नजर आया। इस संबंध में कपिलवस्तु सीडीओ समेत सभी अधिकारी अभी भी प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी कर रहे हैं। समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी कर रहे हैं। 23 घायलों में अधिकतर अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने-अपने घर वापस जा चुके हैं। सभी आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।