देवरिया। महुआडीह और रामपुर कारखाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बृहस्पतिवार की देर रात सेखौना बाजार में पुलिस ने मुठभेड़ में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी किसी बड़ी वारदात की फिराक में अवैध असलहा लेकर कुशीनगर की ओर से देवरिया आ रहा था।
सेखौना बाजार में महुआडी पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक आते दिखा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा करते हुए सूचना कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद रामपुर कारखाना पुलिस भी सक्रिय हो गई।
खड़ाईच मोड़ पर तस्कर असंतुलित होकर गिर पड़ा और उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसका उपचार कराया।
तस्कर की पहचान अताउल्लाह उर्फ गुडलू, निवासी देवरिया खास, वार्ड नंबर 22 के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक पिस्टल 32 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा-कारतूस तथा बिना नंबर की बाइक बरामद हुई। बाइक की चेसिस और इंजन नंबर के आधार पर यह चोरी की प्रतीत हो रही है, जिसकी जांच जारी है। अभियुक्त के खिलाफ महुआडीह थाने में धारा 109 व 317(2) बीएनएस तथा 3/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गिरफ्तारी में महुआडीह और रामपुर कारखाना थानों की संयुक्त टीम शामिल रही, जिसमें प्रभारी निरीक्षक, उपनिरीक्षक और पुलिस कर्मियों की अहम भूमिका रही।