देवरिया। जिले में खाद वितरण और धान खरीद के लिए क्रय केंद्र को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के चलते ही शासन ने देवरिया के एआर कोऑपरेटिव रमेश त्रिपाठी और पीसीएफ के जिला प्रबंधक वीरेंद्र यादव पर कड़ी कार्रवाई की।
समितियों पर खाद वितरण में अनियमितता, मनमानी, किसानों के साथ दुर्व्यवहार और क्रय केंद्रों के मनमाने निर्धारण को लेकर हंगामा से सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों के सामने भी संकट आ गया था।
कृषि मंत्री के जिले में किसान खाद-बीज के लिए या फिर धान बेचने को परेशान हों तो विपक्ष को हमलावर होने का मौका मिलता है। माना जा रहा है कि कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही पहले ही उर्वरक वितरण में अनियमितताओं को लेकर नाराज चल रहे थे।
अन्य जन प्रतिनिधि भी कई बार विभागीय अफसरों से लेकर मंडलायुक्त तक से शिकायत कर चुके थे। पिछले दिनों कमिश्नर की बैठक में भी देवरिया जिले की समितियों पर समय से खाद नहीं पहुंचने को लेकर मामला उठा था।
इसके बाद सीडीओ के निर्देश पर यह व्यवस्था की गई कि हर दिन समितियों पर भेजे जाने वाले और बांटे गए खाद का डॉटा अपडेट होगा। पता लगा था कि समय से पैसा नहीं जमा होने के चलते समितियों को खाद ही नहीं मिल पा रही थी।
इसके अलावा राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने भी धान क्रय केंद्रों के निर्धारण में धांधली की शिकायत उच्च अधिकारियों से की थी। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शासन ने तत्काल प्रभाव से दोनों अधिकारियों को निलंबित करने का आदेश जारी किया।
इधर, जिले में नए एआर की नियुक्ति भी कर दी गई है। गोरखपुर मंडल में तैनात उप निबंधक कार्यालय के एआर रणविजय सिंह को देवरिया का नया एआर बनाया गया है।
बुधवार को उन्होंने विकास भवन पहुंचकर औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कार्यालय में अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक कर शासन की नीति और मंशा के अनुरूप पारदर्शिता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की सुरक्षा और उन्हें समय से खाद उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नवनियुक्त एआर रणविजय सिंह कार्यभार ग्रहण करने से पहले सहकारी बैंक मुख्यालय भी पहुंचे, जहां बैंक अध्यक्ष रविंद्र प्रताप मल्ल से शिष्टाचार भेंट की।
बैंक के अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया और सहयोग का भरोसा दिया। जिले में हुई इस कड़ी कार्रवाई ने प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है।