राजस्व गांवों में लगाएं सफाईकर्मियों की ड्यूटी
देवरिया। राजस्व गांवों की बजाय अधिकारियों के बंगले पर सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगी तो इसका खामियाजा डीपीआरओ का भुगतना पड़ेगा। विशेष सचिव राकेश कुमार ने डीएम व जिला पंचायतराज अधिकारी को पत्र भेजकर यह चेतावनी दी है।
बता दें कि पंचायतराज विभाग के सफाईकर्मियों की तैनाती राजस्व गांवों में करने का नियम है, लेकिन ज्यादातर सफाईकर्मी गांवों की बजाय जिला मुख्यालय पर अधिकारियों के आवास पर ड्यूटी बजाते हैं। कुछ दिनों पहले अधिकारियों के यहां सौ से अधिक सफाईकर्मियों की तैनाती का मामला प्रकाश में आया था। कोई साहब की अर्दली बनकर घूम रहा था तो कोई बंगले पर सुबह-शाम सब्जी पहुंचाकर नौकरी पूरी कर रहा था। मामला उजागर होने के बाद कुछ सफाईकर्मी हटा दिए गए। कई सफाईकर्मी अभी भी अधिकारियों के आवास से लगायत दफ्तर तक तैनात हैं। इस तरह की शिकायतों को देखते हुए विशेष सचिव ने चेतावनी भरा पत्र डीपीआरओ को भेजा है।