संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर, एकौना। आईपीएल की तर्ज पर अयोध्या में होने जा रहे अयोध्या प्रीमियर लीग (एपीएल) में रुद्रपुर के दोआबा के अनुराग प्रसाद गेंदबाजी की धार दिखाएगा।
नवंबर के दूसरे सप्ताह में होने जा रहे एपीएल में खेल रही प्रदेश की आठ टीमों में से गोमती थंडर में पलिया गांव निवासी अनुराग प्रसाद का चयन हुआ है। जिसको लेकर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की देखरेख में टी 20 की तर्ज पर अयोध्या प्रीमियर लीग का आयोजन होने जा रहा है। अयोध्या के अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम में होने वाली इस प्रतियोगिता में आठ टीमें प्रतिभाग करेंगी। यह सभी टीमें उत्तर प्रदेश की आठ नदियों के नाम पर बनाई गई हैं ।जिसमें गंगा वारियर्स, गोमती थंडर, हिंडन टाइटंस, मनोरमा मार्बल्स, सरयू स्मेशर्स, यमुना सुपर किंग्स, चंबल चार्जर्स और बेतवा ब्लास्टर्स की टीमें प्रतिभाग कर रही है।
गोमती थंडर टीम से पलिया गांव निवासी आगरे प्रसाद का बेटा अनुराग भी खेलेगा। अनुराग का चयन टीम में बतौर मुख्य तेज गेंदबाज के रुप में हुआ है। अनुराग प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद लखनऊ में रहकर क्रिकेट की तैयारी करता है। वह शुरुआती दौर में गांव में मैच खेलना शुरु किया।
चयनित हुए अनुराग ने बताया कि उसका सपना देश के लिए खेलना है, फिलहाल वह अपना पूरा ध्यान अपनी गेंदबाजी पर लगा रहे है। एपीएल के लिए टीम में चयन होने पर विधायक जयप्रकाश निषाद, बंधू उपेन्द्रनाथ सिंह, प्रदीप यादव, सिंकदर यादव, अनिरुद्ध चौधरी आदि ने बधाई दी।