संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। तहसील के रजिस्टार कानूनगो दफ्तर में एंटीकरप्शन टीम के बृहस्पतिवार को छापा मारने से हड़कंप मच गया। शाम करीब पांच बजे दफ्तर से एक प्राइवेट मुंशी को पकड़ कर ले जा रही टीम पर दबाव बनाकर अधिवक्ताओं ने उसे छुड़ा लिया। सादे ड्रेस में एंटीकरप्शन के लोग तहसील पहुंचे।
वहां से प्राइवेट कर्मचारी को पकड़कर जीप में बैठा लिया। इसी दौरान तहसील के अधिवक्ता उनकी गाड़ी को घेर लिया। अधिवकतों ने दबाव बनाकर उसे गाड़ी से उतरवा लिया। उन्होंने बताया कि वह प्राइवेट मुंशी है।
वह तहसील का कर्मचारी नहीं है। टीम के लोग पकड़े गए शख्स को लेकर तहसीलदार के पास गए। उन्होंने उसकी पहचान कराई।
तहसीलदार ने बताया कि वह व्यक्ति आरके दफ्तर में काम नहीं करता है। तहसीलदार की पुष्टि के बाद उसे छोड़ दिया गया। टीम के अनुसार, किसी ने एंटीकरप्शन विभाग में रजिस्टार कानूनगो की रिश्वत लेने की शिकायत की थी।
इस बावत तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा ने कहा कि एंटीकरप्शन की टीम जिस व्यक्ति को पकड़ कर लाई थी, वह तहसील के किसी दफ्तर में काम नहीं करता है। वह तहसील का कर्मचारी नहीं है।