- आरोपियों की तलाश में यूपी से बिहार तक पुलिस ने दी दबिश
खामपार/गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र में दो सप्ताह पहले स्वर्ण व्यवसायी की दुकान में लूट की कोशिश और राहगीर की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसआईटी ने गौर थाना क्षेत्र के मठिया झाड़ी इलाके से एक और पिस्टल बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उत्तर प्रदेश से बिहार तक लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपी पकड़े जाएंगे।
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने जब इलाके में घेराबंदी की तो बदमाश खुद को घिरता देख पिस्टल फेंककर भाग गए। मामले की जांच में जुटी पुलिस अब तकनीकी सेल की मदद से आरोपियों और उन्हें शरण देने वाले संदिग्धों की पहचान कर रही है। गोपालगंज एसपी के निर्देश पर गठित टीम में एसडीपीओ हथुआ आनंद मोहन गुप्ता, इंस्पेक्टर वैभव कुमार, भोरे थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय और जगतौली ओपी प्रभारी आलोक कुमार शामिल हैं। टीम यूपी से बिहार तक लगातार छापा मार रही है।
गौरतलब है कि, करीब दो सप्ताह पहले भोरे थाना क्षेत्र के लाला छापर पोखरा स्थित स्वर्ण व्यवसायी दीपक वर्मा की दुकान पर बाइक सवार बदमाशों ने लूट की कोशिश की थी। इस दौरान विरोध करने पर सिसई गांव निवासी डबलू मिश्रा (40) को बदमाशों ने गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बदमाशों को पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। ग्रामीणों ने बदमाशों की बाइक भी आग के हवाले कर दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मशक्कत के बाद आरोपियों को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया। इलाज के दौरान दो बदमाशों की मौत हो गई, जबकि एक घायल आरोपी को इलाज के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में वांछित मुख्य आरोपी मनिंदर मिश्रा समेत अन्य अपराधियों की तलाश जारी है। एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि बरामद पिस्टल की जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।