पडरौना। जिले के 2464 परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से आठवीं तक की वार्षिक परीक्षाओं की तारीखें घोषित कर दी गई हैं। इसके लिए बेसिक शिक्षा परिषद की तरफ से समय सारणी घोषित कर दी गई। जारी शेड्यूल के अनुसार परिषदीय विद्यालयों में परीक्षाएं 16 से 20 मार्च के बीच दो पालियों में होगी। 30 मार्च को अभिभावकों की उपस्थिति में परीक्षा परिणाम घोषित किए जाएंगे। उस दिन उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
बीएसए डाॅ. राम जियावन मौर्या ने बताया कि डायट की ओर से तैयार प्रश्नपत्रों के आधार पर परीक्षाएं कराई जाएंगी। प्रधानाध्यापक अपनी सुविधा अनुसार मौखिक परीक्षा की तिथि तय करेंगे। यह परीक्षा 16 से 20 मार्च के बीच 9:30-11:30 और 12:30-2:30 बजे के बीच दो पालियों में कराई जाएंगी। परीक्षा के बाद 30 मार्च को अभिभावकों की मौजूदगी में परीक्षा परिणाम घोषित किए जाएंगे। कक्षा एक की वार्षिक परीक्षा केवल मौखिक होगी। कक्षा दो से पांचवीं तक लिखित और मौखिक दोनों परीक्षाएं होंगी। इसमें बहुविकल्पीय, अति लघु उत्तरीय, लघु उत्तरीय और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न शामिल किए जाएंगे। लिखित परीक्षा की अवधि दो घंटे तय की गई है। वहीं मौखिक परीक्षा की तिथि विद्यालय स्तर पर प्रधानाध्यापक अपने अनुसार निर्धारित करेंगे। परीक्षा परिणाम घोषित होने के दिन उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। बीएसए ने बताया कि प्रत्येक कक्षा से विगत परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एक-एक छात्र-छात्रा को पुरस्कृत करने के अलावा प्रत्येक कक्षा से सर्वाधिक उपस्थिति वाले, प्रत्येक कक्षा से विभिन्न गतिविधियों जैसे खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विभिन्न प्रतियोगताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एक-एक छात्र पुरस्कृत होंगी।