- खुखुंदू थाना क्षेत्र के सठियांव ईंट भट्ठे के पास हुई कारोबारी से छिनैती का मामला, घटना को झुठला रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के सठियांव ईंट भट्ठे के पास पशु कारोबारी से लूट के मामले को पुलिस झुठला रही है, जबकि कारोबारी, पुलिस पर घटना पर पर्दा डालने का आरोप लगा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में पता चला है कि कारोबारी और गांव के युवक नशे में मारपीट किए थे। छिनैती की पुष्टि नहीं हो रही है।
बताया जा रहा है कि खुखुंदू थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव निवासी टन्नू यादव पशुओं को खरीदने-बेचने का कार्य करता है। मझगांवा में उसने एक गाय 11 हजार रुपये में खरीदी थी। उसने बताया कि गाय खरीदते समय एक हजार रुपये बयाना दिया था। दस हजार रुपये देकर गाय लाने की बात हुई थी। बुधवार को बैकुंठपुर के एक ग्राहक सेवा केंद्र से नौ हजार रुपये निकाला। जबकि एक हजार रुपये उसके पास था। गांव के एक युवक से बोला चलो गाय लेकर आना है। वह सठियांव ईंट भट्ठे के पास पहुंचा युवक पहले से ही अपने दोस्त को बुलाया था। दोनों मुझे मारपीट कर जमीन पर गिरा दिए और पाकेट में रखे दस हजार रुपये निकालकर धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित कारोबारी का कहना है कि तहरीर देने के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। जब भी पुलिस से पूछ रहा हूं तो पुलिस आश्वासन देकर चुप करा दे रही है। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह का कहना है कि शराब पीकर मारपीट हुई है। छिनैती की बात गलत है। सीओ दीपक शुक्ला ने बताया कि पुलिस जांच में पूरी तरह छिनैती की बात गलत निकली। कारोबारी अनावश्यक पुलिस पर आरोप मढ़ रहा है।