बरहज में छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म मामले में घटनास्थल का नमूना लेती फारेंसिक टीम स्रोत पुलिस
- बृहस्पतिवार की सुबह फोन से साथी के बुलाने पर पहुंची थी छात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। नगर के पैना मार्ग स्थित कान्हा हाउस के निकट एक होमगार्ड के सूने मकान में शनिवार को पुलिस के साथ फाॅरेंसिक टीम पहुंची। जहां से नमूने लिए गए। पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार की सुबह फोन से साथी के बुलाने पर मईल थाना क्षेत्र निवासी एक छात्रा वहां पहुंची थी। जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। हालांकि मामले की तहकीकात में दो आरोपियों के अलावा कुछ अन्य लोग भी गिरफ्त में आ सकते हैं, जिसको लेकर हड़कंप है।
दिन में करीब तीन बजे प्रभारी सुनील कुमार तीन सदस्यीय फाॅरेंसिक टीम के साथ थाने पहुंचे। जहां से इंस्पेक्टर राहुल सिंह के साथ दुष्कर्म मामले के घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने मुख्य गेट, मकान के अंदर कमरे में बिछी चारपाई, बिस्तर आदि जगहों से फिंगर प्रिंट लिए। टीम ने करीब एक घंटे तक घटनास्थल का मुआयना करते हुए अन्य बिंदुओं पर जांच की। लोगाें के अनुसार बृहस्पतिवार की सुबह छात्रा पढ़ाई के लिए घर से बरहज आ रही थी, लेकिन साथी द्वारा एक दिन पूर्व फोन पर तय कार्यक्रम के अनुसार उससे मिलने पहुंच गई। जहां साथी के अलावा एक अन्य युवक भी पहले से मौजूद था। जहां दोनों ने छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पुलिस मकान में छात्रा से हुए दुष्कर्म के दौरान किसी को भनक न लगने सहित विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने बताया कि छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में घटना स्थल से नमूना लिया गया है। कुछ बिंदुओं पर जांच कराई जा रही है।