देवरिया जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पड़री बाजार थाना क्षेत्र के पड़री पांडेय गांव में रविवार शाम को घरवालों ने नाराज होकर एक युवक गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ते देख वहां अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में मौके पर इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह भी मयफोर्स पहुंच गए। इसके बाद युवक को नीचे उतारने का प्रयास शुरू हुआ।
हालांकि काफी मान मनौवल के बाद भी वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। फिर पुलिस ने दोस्तों संग पार्टी देने की बात कहकर उसे नीचे उतरवाया। ऐसे में तकरीबन डेढ़ घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस को कामयाबी मिली और वह नीचे उतरा। उधर, इस दौरान मौके पर पुलिस फोर्स के अलावा बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही।
सलेमपुर कोतवाली अंतर्गत चौरिया निवासी आनंद यादव (26) अपने ननिहाल पड़री पांडेय में रहता है। यही रहकर वह गाड़ी चलाकर जीविकोपार्जन करता है। बताया जा रहा है कि चार-पांच दिनों से आनंद घर पर ही रह रहा था। रविवार को किसी बात को लेकर घरवालों से नाराज होकर वह गांव में लगे टावर पर चढ़ गया।
इसे भी पढ़ें: माता-पिता देख रहे थे शादी के सपने, बेटे ने फंदे से लटक कर दे दी जान
इसकी जानकारी होने पर घरवाले भी मौके पर पहुंच गए। उधर, कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में आस-पास के लोगों की भीड़ भी इकट्ठी हो गई। सभी लोग आनंद को टावर से नीचे उतारने का प्रयास करने लगे। तभी पुलिस फोर्स भी पहुंच गई। आनंद को नीचे उतारने के लिए लंबे समय तक मान-मनौवल का सिलसिला चलता रहा। लेकिन वह किसी की सुनने को तैयार नहीं था।
अंत में पुलिस ने थक हार कर एक नायाब तरीका निकाला और आनंद के दोस्तों को मौके पर बुलाया। फिर पुलिस ने तत्काल दोस्तों संग पार्टी देने की बात कहकर नीचे उतरवाया। ऐसे में तकरीबन डेढ़ घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे का अंत हुआ। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घरवालों से नाराज होकर आनंद टावर पर चढ़ा था। काफी मान-मनौवल पर भी नीचे उतरने को तैयार नहीं था। फिर दोस्तों को बुलाकर पार्टी देने की बात की गई। जिस पर वह मान गया।