सिवान (बिहार) जिले के एक व्यवसायी के अपहरण की घटना के विरोध में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने भटनी-छपरा रेलखंड पर स्थित पचरुखी रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक साढ़े सात घंटे तक बाधित रखा। साथ ही सिवान-पटना सड़क मार्ग को जाम कर दिया। इसके चलते रेलवे स्टेशनों पर यात्री परेशान रहे। लोगों ने सिवान जिले के प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस और व्यवसाइयों के बीच कई बार झड़प भी हुई। डीएम, एसपी के आश्वासन पर लोगों ने जाम खत्म किया। करीब 3 बजे भटनी-छपरा रूट पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका। सिवान जिले के पचरूखी बाजार निवासी हरिशंकर सिंह (40) खाद-बीज के बड़े व्यवसायी हैं। रोज की तरह वह सुबह करीब 6.30 बजे घर से टहलने के लिए रेलवे स्टेशन की ओर निकले। अभी वह पचरूखी रेलवे स्टेशन के समीप पहुंचे थे कि सड़क के किनारे पहले से खड़े पांच बदमाशों ने असलहे के बल पर अपहरण कर लिया। बदमाश चार पहिया वाहन में जबरन बैठाकर छपरा की ओर भाग निकले। व्यवसायी के अपहरण की खबर मिलते ही पचरुखी बाजार में लोगों की भीड़ जुट गई। गुस्साए व्यवसाइयों और भाकपा माले नेता पचरुखी स्टेशन के समीप पहुंचे। लोगों ने सुबह सात बजे भटनी-छपरा रेल खंड और बगल से गुजरी सिवान-छपरा सड़क मार्ग जाम कर दिया। रेलवे लाइन जाम होने की वजह से बैतालपुर, देवरिया, भटनी, भाटपारानी, बनकटा जीरादेई, मैैैैरवा, सीवान आदि स्टेशनों पर एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को रोकना पड़ा। रेलवे ट्रैक जाम होने से दर्जनों ट्रेनों को नजदीकी स्टेशनों पर ट्रेनों को रोक दी गई। वहीं सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम खत्म कराने पहुंची पुलिस और गुस्साए लोगों के बीच कई बार झड़प हुई। उग्र लोगों का तेवर देख पुलिस बैकफुट पर आ गई। लोगों के तेवर देख कई थानों की फोर्स बुलानी पड़ी। डीएम महेन्द्र कुमार, एसपी सौरभ कुमार ने 24 घंटे के भीतर अपहृत व्यवसायी को मुक्त कराने का आश्वासन दिया। लोगों ने दोपहर बाद 2:30 बजे जाम खत्म किया। इस बाबत सिवान एसपी सौरभ कुमार ने बताया कि अपहरण की वजह अभी साफ नहीं हो पा रही है। सर्विलांस के जरिए अपहर्ताओं तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।