भटनी। नगर के रामपुर खुरहुरिया वार्ड निवासी सूरज राजभर का शव पोस्टमार्टम के बाद घर आने के बाद नाराज लोगों ने सोमवार को भटनी-भरथुआ मार्ग जाम कर दिया। सड़क पर शव रखकर करीब चार घंटे तक आरोपियों पर कार्रवाई को लेकर प्रदर्शन किया।
सूचना पर पहुंचे एसडीएम भाटपाररानी, सीओ भाटपाररानी व नायब तहसीलदार सलेमपुर ने युवक के मामा की तहरीर पर चार नामजद समेत 10 आरोपियों पर हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद नाराज लोगों ने जाम खत्म किया और यातायात बहाल हो सका। जाम सुबह 8:30 से दोपहर 1:30 बजे तक चला।
भटनी नगर के वार्ड संख्या सात रामपुर खुरहुरिया निवासी सूरज राजभर (20) शनिवार को वह गेहूं की मड़ाई करने जाने की बात कहकर घर से निकला था।
अगले दिन सुबह गांव के समीप एक स्कूल के पीछे शीशम के पेड़ से फंदे से लटका उसका शव मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
परिजनों की ओर से शनिवार की शाम पिवकोल में हुए सड़क हादसे के विवाद में युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जताई गई। इधर पोस्टमार्टम के बाद रविवार की रात उसका शव घर लाया गया।
मां और बहन ने पिता और भाइयों के इंतजार में अंतिम संस्कार सोमवार को करने की बात कही। इसी बीच पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे से झूलने की पुष्टि होने से नाराज परिजन और वार्डवासियों ने सोमवार सुबह भटनी-भरथुआ सड़क स्थित साहोपार अंडरपास पर सड़क पर शव रख जाम कर दिया।
वे डीएम और एसपी को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे एसओ मृत्युंजय राय के काफी समझाने के बाद भी लोग कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हुए।
तभी एसडीएम भाटपाररानी रत्नेश तिवारी, क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार हरि प्रसाद व कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों से बातचीत में सूरज के मामा संजय राजभर ने तहरीर देकर बताया कि शनिवार की शाम सूरज व दो अन्य युवक बाइक से पिवकोल चौराहा गेहूं के मड़ाई के लिए ट्रैक्टर ढूंढ़ने गए थे।
इसी दौरान पिवकोल निवासी अशोक और संतोष ने पीछे से बाइक में ठोकर मारकर सूरज व दोनों युवकों उलझ गए। बाद में आरोपियों ने फोन कर मिश्रौली कोइलार निवासी सच्चिदानंद यादव, सत्यानंद उर्फ राजू व छह अज्ञात युवकों को मौके पर बुला लिया। आरोपी बेवजह तीनों की पिटाई करने लगे।
मौका देख सूरज के साथी मुकेश और नीरज किसी तरह घर आ गए, लेकिन सूरज लापता हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने सूरज को बंधक बनाकर रखा, फिर रात में हत्या कर शव को फंदे से लटका कर भाग गए। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने अशोक, संतोष निवासी पिवकोल थाना सलेमपुर, सच्चिदानंद यादव, सत्यानंद यादव निवासी मिश्रौली कोइलार थाना भटनी और छह अज्ञात पर हत्या आदि धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि सूरज के मामा की तहरीर चार नामजद समेत 10 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।