विधानसभा चुनाव के दौरान एक अपराधी के भाई द्वारा गाली देने के मामले में नया विवाद पैदा हो गया है। पुलिस कार्रवाई नहीं होने से खफा भाजपा के नवनिर्वाचित सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी एवं एसओ भलुअनी के बीच बातचीत का वीडियो वायरल हो रहा है। उधर मामले में जहां पुलिस अधिकारी कुछ कहने से बच रहें है, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा है कि उनका दर्द सुनने वाला कोई विधायक हुआ है।
वीडियो पर गौर करें तो फोन करते ही शलभ मणि ने पूछा कि- एचएसओ भलुअनी बोल रहे है आप, शलभ मणि त्रिपाठी बोल रहा हूं। एक गुंडे ने गाली दी थी, आपने ऑडियो सुनी थी, जो गाली दी है, वैसी गाली आपको दी होती और आपके परिवार में दी होती तो आपको कैसा लगता, आपने गिरफ्तारी क्यों नहीं की। आप इस लायक नहीं है कि थाना चला पाएं। आप अगर गुंडों को गिरफ्तार नहीं कर पाते, उसका भाई अपराधी है। जेल में बंद है। पता है न, उसने एक मल्लजी की हत्या कराई थी पता है इतने के बाद भी आप गिरफ्तारी नहीं करा पाए। आप समझौता का प्रयास करें, तो आप निकम्मे पुलिस अफसर हुए। इसे पकड़वाकर तोड़वा कर इसका इलाज कराएं। नहीं तो मैं पूरे थाने का इलाज कर दूंगा। एक गुंडा भाजपा कार्यकर्ता को गाली देगा, धमकी देगा, दबाव बनाएंगा, उसे लाकअप में ठूंस दिजिए, गिरफ्तार करके लॉकअप की फोटो भेजिए। आगे यह कहता है कि गाली देने का आडियो हमने कप्तान साहब को भी भेजा था। जरूरत पड़ी तो डीजीपी एवं सीएम साहब को भी भेजूंगा।
यह है पूरा मामला
विधानसभा चुनाव के दौरान बरडिहा चंदन निवासी शातिर अपराधी राजेश यादव का भाई महेश यादव ने एक बरौली निवासी भाजपा कार्यकर्ता रोशन गौड़ को फोन कर भद्दी- भद्दी गालियां दीं। उसने धमकी दी कि जनाजा निकाल दूंगा। यहीं नहीं उसने तत्कालीन भाजपा के एक प्रत्याशी का नाम लेकर अपशब्द कहे और पीड़ित के प्रति जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। पूरे मामले में पुलिस ने पीड़ित रोशन गौड़ की तहरीर पर एनसीआर दर्ज की, जबकि रोशन गौड़ का कहना है कि दलित उत्पीड़न में मामला दर्ज होना चाहिए था। आरोप है कि महेश यादव फिर पीड़ित रोशन को धमका रहा है।
एसो भलुअनी ने यह कहा
मामले को लेकर एसओ भलुअनी मुकेश मिश्रा ने कहा है कि सदर विधायक ने मुझे फोन किया था। जिस मामले की बात वह कह रहें है, उसमें गिरफ्तारी नहीं हो सकती। आरोपी को गुंडा एक्ट में पाबंद किया गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। समझौता कराने की बात निराधार है।
शलभ मणि बोले-हमने कहीं कोई बात गलत नहीं कही
विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा कार्यकर्त्ता का जनाजा निकालने की धमकी अपराधी प्रवृति के युवक ने दी थीं। उसकी तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर चुप बैठ गई। उसके खिलाफ शांतिभंग तक की कार्रवाई नहीं की गई। मन उसका इस कदर बढ़ गया कि जान से मारने की फिर धमकी दें रहा है और पुलिस कार्रवाई न कर समझौता का दबाव बना रहीं है। हमने कहीं कोई भी बात गलत नहीं कहीं है।
एसपी बोले आरोपी गुंडा एक्ट में किया गया पाबंद
मामले को लेकर एसपी डा. श्रीपति मिश्र का कहना है कि धमकी के मामले में केस दर्ज हो चुका है। आरोपी को गुंडा एक्ट में पाबंद किया गया है।