बरहज। क्षेत्र के गोपवापार गांव निवासी जयनारायण (50 वर्ष) पुत्र स्व. छेदी प्रसाद की मंगलवार की देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पिता की मौत के बाद इकलौती पुत्री आंचल बेसहारा हो गई। बताया जा रहा है कि डेढ़ साल पहले उसके मां सुशीला देवी की मौत हो चुकी है।
गोपवापार गांव निवासी छेदी प्रसाद के तीन बेटों में जयनारायण दूसरे नंबर के थे। जयनारायण के दो भाई शैलेष और विजय कुमार हैं। लोगों के अनुसार जयनारायण फसल की सिंचाई करने गए थे। जहां अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। वह घर पहुंचे तो बेहोश होकर गिर गए। आनन-फानन में लोग उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जयनारायण की मौत से बेटी आंचल बदहवास है। बुधवार की देर शाम को परिजनों ने जयनारायण का अंतिम संस्कार कर दिया। माता-पिता के मौत के बाद अनाथ आंचल के देखभाल की जिम्मेदारी बड़े पिता और चाचा ने लिया है। हालांकि पिता के मौत से आंचल गुमसुम हो गई है।