इंजीनियरिंग विधा में कॅरिअर बनाना चाहती हैं, लखनऊ में पिता के साथ रहकर जेईई की कर रहीं तैयारी
अनन्या के जुड़वा भाई आंजनेय दूबे ने भी जीवनमार्ग स्कूल की सूची में किया है 15वां स्थान हासिल
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सीआईएससीई की ओर से आयोजित 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षा का परिणाम सोमवार की सुबह जारी हो गए। जीवनमार्ग सोफिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा अनन्या दूबे ने 10वीं में 97.6 प्रतिशत अंकों के साथ जिला टॉप किया है। वहीं, लिटिल फ्लाॅवर स्कूल सलेमपुर की छात्रा एंजल वर्मा ने 96.6 प्रतिशत के साथ दूसरा व जीवनमार्ग की अस्मिता अशोक ने 96 प्रतिशत के साथ जिले में तीसरा स्थान पाया है।
शहर के सीसी रोड निवासी अशोक कुमार दूबे व विद्या दूबे की चार संतानों में दो बड़ी बेटियों के बाद अनन्या दूबे व आंजनेय दूबे जुड़वा हैं। सीआईएससीई की ओर से जारी 10वीं परीक्षा के परिणाम में बेटी अनन्या दूबे ने 97.6 प्रतिशत पाकर जिले में पहला स्थान बनाया है, वहीं, आंजनेय को 90.4 प्रतिशत अंक हासिल हुए हैं, उन्हें स्कूल की टाॅप सूची में 15वां स्थान मिला है। खास बात यह है कि अनन्या ने हिस्ट्री, सिविल व जियोग्राफी में 99 प्रतिशत स्कोर किया है। उनके पिता अशोक कुमार दूबे लखनऊ में एक ब्रेड कंपनी में जनरल मैनजर हैं। वर्तमान में अनन्या वहीं रहकर जेईई की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि इंजीनियरिंग विधा में कॅरिअर बनाना है। स्कूल की पढ़ाई के अलावा प्रतिदिन पांच से छह घंटे गहन अध्ययन पर जोर देती है। पढ़ाई के लिए सोशल मीडिया मंच का विशेष सहयोग लिया। पिता व बड़ी बहन नेहा दूबे भी बीटेक किए हैं। नेहा वर्तमान में आस्ट्रेलिया में हैं। इनके मामा डॉ. पवन त्रिपाठी शहर के बाल रोग विशेषज्ञ व मामी डॉ. श्वेता त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं।
जीवनमार्ग सोफिया में 102 विद्यार्थियों में सभी हुए हैं पास
सीसी रोड स्थित जीवनमार्ग सोफिया सेकेंडरी स्कूल में 10वीं में कुल 102 परीक्षार्थी थे, इसमें सभी ने बेहतर प्रदर्शन किया है। स्कूल की प्रधानाचार्य सिस्टर डेजी व प्रबंधक रमोना ने बताया कि स्कूल स्तर पर अनन्या दूबे ने 97.6, अस्मिता अशोक 96, अवतांश पांडेय 95.4, हर्ष कुमार नंदी 95, प्रखर त्रिवेदी व वैष्णवी गुप्ता ने 94.8, कार्तिकेय मणि त्रिपाठी 94.2, अनाहिता जायसवाल 93.8, रविश रंजन 93.6, मेधांशी सिंह 92.8, अनुष्का गुप्ता 92.6 एवं सार्थक कुमार व अग्रिम तिवारी ने 91.8 प्रतिशत अंक पाकर स्कूल की टॉप टेन सूची में जगह बनाई है।