बरहज के कटइलवा-बेलडॉड नवीन बंधे के निकट सरयू में डूबे छात्र के बारे में पूछताछ करती पुलिस, बदहवास ?
- फोटो : DEORIA
देवरिया जिले के बरहज क्षेत्र के कटइलवा-बेलडॉड़ नवीन बंधे के निकट गुरुवार की दोपहर किशोर सरयू नदी में डूब गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कहीं पता नहीं लग सका। इससे परिवारवालों को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। चंदन तीन दिन पूर्व अपनी मां के साथ खेत में पानी चलाने के लिए देवरिया से अपने गांव बेलडॉड़ आया हुआ था।
बेलडॉड़ निवासी परमेश्वर प्रजापति का परिवार देवरिया में रहता है। वहां चंदन (15) अग्रसेन इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र है। लोगों के अनुसार वह सुबह पड़ोस के साथी अंकित के साथ नवीन बंधे की ओर गया हुआ था। वहां शौच के बाद चंदन नदी के किनारे चला गया। इसी बीच उसका पैर फिसल जाने से वह गहरे पानी में चला गया। यह देखकर अंकित शोर मचाने लगा।
जब तक आसपास के लोग जुटते चंदन नदी में गुम हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नाव आदि के जरिए नदी में चंदन की तलाश शुरू करा दी। जानकारी होने पर घर में रोना-पिटना मच गया। वह बहन पूजा, सुधा, गुंजन के बीच इकलौता भाई है। थानाध्यक्ष जयशंकर मिश्र ने बताया कि किशोर के नदी में डूबने की सूचना पर मौके पर पुलिस गई थी। तलाश कराई जा रही है।
साथी के डूबने के सदमे से नहीं उबर नहीं पा रहा अंकित
बेलडॉड़ गांव निवासी अंकित कुशवाहा देवरिया से गांव आए साथी चंदन प्रजापति के साथ नवीन बंधे की ओर घूमने गया था। साथी के सरयू नदी में डूब जाने के कारण वह सदमे से उबर नहीं पा रहा था। रह-रह कर वह बेहोश हो जा रहा था। लोगों का कहना है कि दोनों साथियों का घर आमने-सामने है। दोनों में बचपन से ही गहरी दोस्ती है। चंदन खेत में पानी चलाने के लिए तीन दिन पूर्व मां श्रद्धा देवी के साथ देवरिया से गांव बेलडॉड़ आया हुआ था।