पथरदेवा-बघौचघाट मार्ग पर हुआ सड़क हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। पथरदेवा-बघौचघाट मार्ग पर बुधवार की रात एक बाइक सवार ने महिला को टक्कर मार दी। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाइक पर सवार दो लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं।
बघौचघाट थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोयरपट्टी की रहने वाली मैना देवी (65) पत्नी स्व. रामअवध सिंह शाम को किसी काम से मां हिरमती भवानी मंदिर की तरफ जा रही थीं। वह सड़क पार कर रही थीं। तभी बघौचघाट की तरफ से तेज रफ्तार से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मैना सड़क पर गिर पड़ीं। उनके सिर व कमर में गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंचे और महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।