खामपार। थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती के परिजन की ओर से पुलिस को तहरीर देने के बाद नाराज प्रेमी ने बृहस्पतिवार को कथित तौर पर अपना गला रेत का जान देने की कोशिश की। परिजन उसे निजी चिकित्सक के यहां ले गए। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस जांच कर रही है। खामपार थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांव के रहने वाले दो युवक और दो युवतियां सितंबर 2025 में अपने-अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थीं। युवतियों के परिजन ने थाने में तहरीर दी थी।
पुलिस ने एक जोड़े को खोज लिया था। कोर्ट में युवती ने युवक के पक्ष में बयान दिया था। इसके बाद युवक को छोड़ दिया गया था। दूसरा जोड़ा करीब चार माह बाद घर लौटा था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर युवती का बयान दर्ज कराया। युवती ने युवक के खिलाफ बयान दिया। इसके बाद आरोपी युवक जेल में बंद है।
इधर, जिस युवक के पक्ष में युवती ने कोर्ट में बयान दिया था, उसने फिर से युवक के खिलाफ तहरीर दे दी है। प्रेमी युवक का कहना है कि उसने युवती से शादी कर ली है। एक सप्ताह से प्रेमी प्रेमिका को घर बुला रहा था। इसी बात से नाराज प्रेमिका ने पुलिस को प्रेमी के खिलाफ तहरीर दे दी। इसी मामले में पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए थाने पर बुलाया था।
इस संबंध में खामपार के थानेदार बलराम सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर युवक को पूछताछ के लिए बुलाया गया था मगर वह थाने नहीं आया। पता लगा है कि युवक ने गला रेतने की कोशिश की है। मामले की जांच कर रही है। संवाद