बरहज में देवरिया बाईपास पर बनेगा अंडरपास। संवाद
बरहज। रामजानकी मार्ग एनएच 227-ए का चौड़ीकरण कार्य कराया जा रहा है। लवरछी वार्ड स्थित देवरिया बाईपास पर करीब 30 करोड़ की लागत से अंडरपास बनाये जाने की योजना है। सड़क चौड़ीकरण कार्य में विद्युत निगम की मेन सप्लाई की लाइन बाधक बन रही है। जिससे कार्य सुस्त हो गया है। वहीं कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर पी. सुब्रमण्यम ने प्रगति कार्य में बाधा आने के संबंध में विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए ऊर्जा मंत्रालय को पत्र लिखा है। उनका कहना है कि जिम्मेदार शटडाउन देने की बजाय रोस्टर में कार्य करने की नसीहत दे रहे हैं।
बड़हलगंज से मेहरौना बार्डर तक करीब 1300 करोड़ की लागत से 57 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण कार्य कराया जा रहा है। कपरवार से कुंडौली तक करीब 44 किलोमीटर तक 12 मीटर, जबकि मेहरौना तक करीब 12.33 किलोमीटर सड़क को 19 मीटर चौड़ा कराया जा रहा है। लोगों के अनुसार तहसील और जयनगर विद्युत उपखंड कार्यालय को देवरिया बाइपास के रास्ते 33000 वोल्ट की सप्लाई दी जाती है। शटडाउन न मिलने से कार्य प्रभावित हो रहा है। प्रोजेक्ट मैनेजर पी. सुब्रमण्यम का कहना है कि निगम कार्यालय द्वारा शटडाउन देने की जगह रोस्टिंग के वक्त कार्य कराने को कहा जा रहा है। जिससे दुर्घटना की संभावना प्रबल हो जा रही है। 10 से पांच बजे तक होने वाले कार्य के लिए महज दो घंटे का समय रोस्टिंग के वक्त दिया जा रहा है। जिससे कार्य संभव नहीं हो पा रहा है। प्रोजेक्ट मैनेजर का कहना है कि सुपरविजन के लिए विद्युत निगम को 76,690 रुपये का भुगतान भी कर दिया गया है। जिसके बावजूद विभाग की ओर से सहयोग नहीं मिल रहा है। वहीं देवरिया बाइपास पर अंडरपास बनने जाने से जनपद मुख्यालय की ओर से आने वाली गाड़ियों को तहसील, नगर और रामजानकी मार्ग से होते हुए लार जाने के लिए काफी सहूयिलत मिलेगी।