सड़क हादसे में बाइक सवार वृद्ध की मौत
शहर के सीसी रोड के रहने वाले थे रामप्रसाद
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। गौरीबाजार थाना क्षेत्र के सिरजम चौराहे के पास दो बाइक की भिड़ंत में एक बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। वृद्ध की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
सदर कोतवाली के सीसी रोड निवासी रामप्रसाद (70) की तबीयत खराब थी। वह गोरखपुर के चौरीचौरा में किसी चिकित्सक के वहां से नियमित दवा कराते थे। सोमवार सुबह दवा कराने के लिए बाइक से चौरीचौरा जा रहे थे। अभी वह गौरीबाजार थानाक्षेत्र के सिरजम चौराहे से कुछ आगे बढ़े थे कि विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे मौके पर ही रामप्रसाद की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घर पर पत्नी खेदनी देवी, बेटे श्रीराम, हरिमोहन, हरेंद्र और नरेंद्र का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सदर कोतवाल टीजे सिंह ने बताया कि गौरीबाजार थानाक्षेत्र के सिरजम चौराहे के पास सड़क हादसे में रामप्रसाद की मौत हो गई। सूचना पर आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।