लार। थाना क्षेत्र के पांडेयपुर गांव में शनिवार को हर माह बिजली का बिल निकालने से नाराज एक युवक ने दो मीटर रीडरों की पिटाई कर दी। इससे दोनों घायल हो गए।
चीख-पुकार की आवाज सुनकर दौड़े लोगों के हस्तक्षेप से किसी तरह मामला शांत हुआ। घटना की सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस को देखकर आरोपी घर छोड़ भाग गया। घटना से नाराज पीड़ित ने निगमकर्मियों और अधिकारियों के साथ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत की है।
पुलिस घटना की छानबीन करते हुए आरोपी की तलाश में जुट गई है। पांडेयपुर गांव निवासी विनय कुमार विश्वकर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उनके ही गांव के सत्यम पांडेय बिजली निगम में संविदा पर मीटर रीडर का काम करते हैं।
रोज की तरह वह गांव स्थित एक व्यक्ति के घर बिल बनाने गए थे। इस पर युवक ने कहा कि हर महीने क्यों बिल बनाते हो। इससे अधिक बिल आता है। यह कहते हुए वह उलझ गया। विभागीय कर्मचारी होने के नाते हमने कहा कि बिल तो हर महीने बनता है। जितना बिल होगा, उतने का ही बनेगा। इस बात से नाराज युवक ने हम दोनों पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। सरेराह पिटाई होता देख गांव में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलावस्था में दोनों को सीएचसी पहुंचाया, जहां उनका उपचार हुआ। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही 20 से अधिक मीटर रीडर और निगम के संविदा कर्मी थाने पहुंच गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। मामला बढ़ता देख पुलिस आनन-फानन आरोपी की तलाश में जुट गई। संवाद