देवरिया/भटनी। विभिन्न स्थानों पर चल रहे मरम्मत कार्य के चलते रविवार को करीब आठ ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंचीं। ट्रेनों की इस लेटलतीफी से देवरिया सदर और भटनी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गोरखपुर, छपरा समेत कई जगहों पर पटरियों की मरम्मत व अन्य कार्य चल रहे हैं। इसके चलते रविवार को अमृतसर–सहरसा गरीब रथ सात घंटे, सहरसा–अमृतसर एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, मुंबई–कटिहार समर स्पेशल चार घंटे, एर्नाकुलम–बरौनी राप्तीसागर एक्सप्रेस ढाई घंटे देरी से पहुंची।
मुंबई–गोरखपुर काशी एक्सप्रेस दो घंटे, साबरमती–मुजफ्फरपुर जनसाधारण एक्सप्रेस दो घंटे, लालगढ़–डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस दो घंटे और नई दिल्ली–दरभंगा एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से देवरिया और भटनी रेलवे स्टेशनों पर पहुंचीं। ट्रेनों के लगातार विलंब चलने यात्री परेशान हो रहे है। सहालग के चलते इन दिनों ट्रेनों में भीड़ चल रही है। संवाद