संवाद न्यूज एजेंसी रुद्रपुर। आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में आयोजित मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत सोमवार को रुद्रपुर नगर के स्वतंत्रता सेनानियों की देउड़ी से माटी एकत्र की गई। भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष और चेयरमैन प्रतिनिधि छट्ठेलाल निगम के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने नगर के स्वतंत्रता सेनानियों के घर पहुंच कर उनके परिवार के लोगों से अक्षत और मिट्टी का दान लिया।
स्वतंत्रता आंदोलन में जेल में यातना झेलने वाले पूर्व विधायक स्व. सूर्यबली पांडेय, पूर्व विधायक स्व. रामजी सहाय और सेनानी मुरली तिवारी के घर पहुंचकर भाजपा नेताओं ने वहां से मिट्टी एकत्र किया। वहीं सेनानियों के परिजनों ने इस अनुष्ठान के लिए अक्षत के रुप में चावल का दान किया। चेयरमैन प्रतिनिधि ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेनानी शहीदों की याद में देश की राजधानी दिल्ली में अमृत वाटिका का निर्माण करने जा रहे हैं। इस अनुष्ठान में देशभर के स्वतंत्रता आंदोलन में शहीद और सेनानियों के जन्म स्थली की माटी जा रही है। भारत माता को गुलामी से मुक्ति दिलाने वाले सेनानियों के आलावा पूरे देश के लोगों से अक्षत और माटी एकत्र की जा रही है। इस देशव्यापी अनुष्ठान में पूरा देश शामिल हो रहा है। सेनानियों की याद में बन रही अमृत वाटिका देश के लिए गर्व का स्मारक बनेगा। इस दौरान भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, केके सिंह, संतोष गुप्ता, बृजेश त्रिपाठी, तेजप्रताप गुप्ता आदि मौजूद रहे।