फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: आधी रात में बिगड़ी अमिताभ ठाकुर की तबीयत, लखनऊ रेफर

Wed, 07 Jan 2026 11:50 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
एंबुलेंस से बीआरडी मेडिकल जा रहे अमिताभ ठाकुर - फोटो : katra news
विज्ञापन
देवरिया। इंडस्ट्रियल एस्टेट पुरवां में पत्नी नूतन ठाकुर के नाम में हेरफेर कर जमीन आवंटन के आरोपों का सामना कर रहे पूर्व आईजी अमिताभ ठाकुर की तबीयत जिला जेल में मंगलवार की रात अचानक खराब हो गई। उन्होंने सीने में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत की। जेल अस्पताल में उनका इलाज किया गया, लेकिन आराम नहीं मिलने पर उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहां से उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इसके बाद बुधवार की रात करीब आठ बजे उन्हें पीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन


अमिताभ ठाकुर के अधिवक्ता प्रवीण द्विवेदी ने बताया कि पूर्व आईजी के सीने में दर्द होने पर मंगलवार रात उन्हें जेल से देवरिया मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां पर आराम नहीं मिलने पर उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया गया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से आधी रात को बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां पर इमरजेंसी के वार्ड नंबर-11 में प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद उनको वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में अमिताभ ठाकुर की मंगलवार रात करीब तीन बजे 12 प्रकार की खून की जांच हुई। इसमें लिपिड प्रोफाइल, किडनी प्रोफाइल, थॉयरायड प्रोफाइल, एचआईवी, एचबीनएसी समेत 12 प्रकार की जांच शामिल हैं। अधिवक्ता ने बताया कि बुधवार की रात करीब आठ बजे अमिताभ ठाकुर को पीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया गया।

अमिताभ ठाकुर ने मांगा प्राइवेट वार्ड
बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज में इलाज करा रहे अमिताभ ठाकुर ने मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को पत्र लिखकर प्राइवेट वार्ड की मांग की है। अपने पत्र में पूर्व आईजी ने सुरक्षा का हवाला देते हुए प्राइवेट वार्ड मांगा है।
विज्ञापन

अमिताभ ठाकुर की रिमांड 21 जनवरी तक बढ़ी

देवरिया। अमिताभ ठाकुर की रिमांड पर बुधवार को सीजेएम कोर्ट में सुनवाई हुई। इसमें कोर्ट ने अभियोजन पक्ष और बचाव पक्ष दोनों को सुनने के बाद रिमांड की अवधि को 21 जनवरी तक बढ़ा दिया। अब रिमांड के खिलाफ पूर्व आईजी अमिताभ ठाकुर के अधिवक्ता जिला जज की कोर्ट में अपील करने की तैयारी में हैं। वहीं अमिताभ ठाकुर की जमानत अर्जी मंगलवार को सीजेएम कोर्ट ने खारिज कर दी थी। इंडस्ट्रियल एस्टेट पुरवां में पत्नी नूतन ठाकुर के नाम में हेरफेर कर जमीन आवंटन कराने के मामले में आरोपों का सामना कर रहे पूर्व आईजी अमिताभ ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर 11 दिसंबर को सीजेएम कोर्ट में पेश किया था। तबसे अमिताभ ठाकुर न्यायिक अभिरक्षा में हैं। उनकी न्यायिक अभिरक्षा को चुनौती देने वाली याचिका पर बुधवार को सुनवाई हुई। इसमें अभियोजन पक्ष और बचाव पक्ष ने अपनी अपनी दलीलें पेश की। दोनों पक्षों को सुनने के बाद सीजेएम ने रिमांड की अवधि को 21 जनवरी तक के लिए बढ़ा दिया। अमिताभ ठाकुर के अधिवक्ता प्रवीण द्विवेदी ने बताया कि रिमांड बरकरार रखने के खिलाफ आठ जनवरी को जिला जज की कोर्ट में अपील की जाएगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें