कोर्ट में पेशी पर जाते पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर। संवाद
देवरिया। पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को बुधवार को तड़के लखनऊ पुलिस ने सीतापुर महोली बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें देवरिया के सीजेएम कोर्ट मेें पेश किया गया। जहां से उन्हें 13 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कोर्ट जाते समय अमिताभ ठाकुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि हत्या की सुनियोजित साजिश हो रही है। यह गिरफ्तारी इसलिए हुई है कि उनके बेटे का इंटरव्यू प्रभावित हो जाए। पूर्व आईपीएस ने बार-बार खुद को निर्दाेष बता रहे थे। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। कोर्ट जाते समय अमिताभ ठाकुर मीडिया से बात करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया।
पूर्व आईपीएस ने कोर्ट के सामने रखा आठ पेज का अपना लिखित बयान
पुलिस के सूत्र बताते हैं कि अमिताभ ठाकुर से पहले देवरिया पुलिस ने एक घंटे तक पूछताछ की और फिर पुलिस लाइन में उनका मेडिकल कराया। इसके बाद दोपहर बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एसआईटी के निरीक्षक सोबरन सिंह ने अमिताभ ठाकुर को दीवानी न्यायालय स्थित सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट पहुंचे अमिताभ ठाकुर ने अपना मुकदमा खुद लड़ने की बात कही। इसके बाद उन्होंने कोर्ट से 40 मिनट का समय मांगा। वहीं उन्होंने आठ पेज का अपना स्पष्टीकरण लिखकर दिया। कोर्ट के सामने अपनी बात कहते हुए वे भावुक हो गए और इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें बीच रास्ते से आधी रात को गिरफ्तार किया गया। जिस मामले में उन्हें आरोपी बनाया गया है, उस मामले में कोई ऐसा अपराध हुआ ही नहीं। दो दशक बाद केवल उन्हें प्रताड़ित करने के लिए एक फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया।
पत्नी बोली-देर रात मिली सूचना
देवरिया कोर्ट में पेशी से पहले पत्नी नूतन ठाकुर ने फोन पर बताया कि कुछ देर पहले लखनऊ पुलिस ने उन्हें सूचना दी है कि अमिताभ ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें पूछताछ के लिए देवरिया ले जाया जा रहा है। नूतन ठाकुर ने पति के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए पोस्ट भी शेयर की थी। नूतन ठाकुर का कहना है कि 26 साल पुराना मामला सामान्य सिविल विवाद का है।
1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं अमिताभ ठाकुर
अमिताभ ठाकुर 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी है। उनकी पहली पोस्टिंग गोरखपुर में बतौर एसपी हुई थी। अमिताभ की पत्नी डॉ. नूतन ठाकुर सोशल एक्टिविस्ट हैं। 23 मार्च, 2021 को अमिताभ ठाकुर को जबरन रिटायर कर दिया गया था। बाद में अमिताभ ठाकुर ने अपनी राजनीतिक पार्टी आजाद अधिकार सेना बनाई और वह उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।