संवाद न्यूज एजेंसी
भागलपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर में लापरवाही का मामला सामने आया है। गोंडौली गांव की सुफिया खातून को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन बुधवार की सुबह पीएचसी लाए। ड्यूटी पर तैनात एएनएम ममता यादव ने जांच के बाद प्रसूता की स्थिति गंभीर बताकर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
देवरिया ले जाते समय ठेगवल दुबे गांव के पास एंबुलेंस में ही प्रसव हो गया, मगर बच्चा मृत पैदा हुआ। बच्चे की मौत से नाराज परिजन एंबुलेंस को वापस पीएचसी लेकर पहुंचे और हंगामा करने लगे। इससे करीब पांच घंटे तक ओपीडी ठप रही।
सूचना पर चौकी प्रभारी दीपक सिंह,तथा प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एसके सिंह मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे लोगों को समझााने की कोशिश की, मगर परिजन एएनएम को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। मामले की शिकायत डीएम व एीएमओ से भी की गई। थोड़ी देर बाद एसीएमओ डॉ. राजेश कुमार मौके पर पहुंचे।
उन्होंने परिजनों से बात कर जांच व कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही, प्रभारी चिकित्साधिकारी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था सुधारने और साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।
दोपहर एक बजे के बाद ओपीडी दोबारा शुरू हुई। ग्रामीणों का आरोप था कि डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी समय से नहीं आते हैं। एसीएमओ ने कहा कि लापरवाह कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।