तरकुलवा। नारायणपुर स्थित मदरसा शेख साहबजादा दारुल उलूम से महत्वपूर्ण अभिलेख और कंप्यूटर उपकरण गायब होने का मामला सामने आया है। मदरसे की प्रबंधक नसीम जहां की शिकायत पर न्यायालय के निर्देश से पुलिस ने आरोपी लिपिक रियाजउद्दीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
लिपिक पर अभिलेखों में कूटरचना कर उन्हें गायब करने और फोन पर गाली-गलौज करते हुए जानमाल की धमकी देने का आरोप है।
प्रबंधक नसीम जहां ने व्यवहार न्यायालय में प्रकीर्ण वाद दाखिल कर आरोप लगाया कि दो से सात मई के बीच लिपिक ने संस्थान को नुकसान पहुंचाने की नीयत से महत्वपूर्ण अभिलेख और कंप्यूटर उपकरण गायब कर दिए। इनमें छात्र प्रवेश पंजिका, एमडीएम पंजिका, शिक्षकों की सर्विस बुक, लैपटॉप, कंप्यूटर डाटा और पेन ड्राइव शामिल हैं।
शिकायत के अनुसार, अभिलेख गायब करने के बाद आरोपी नौ मई 2026 से चिकित्सकीय अवकाश पर चला गया। फोन पर संपर्क करने पर वह गाली-गलौज करने के साथ जानमाल की धमकी देने लगा। इसके बाद प्रबंधक ने न्यायालय की शरण ली।