सलेमपुर। प्रदेश सरकार द्वारा आम जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए बनाए गए जनसुनवाई पोर्टल की कार्यप्रणाली पर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। लार नगर पंचायत क्षेत्र के रहने वाले और भाजपा नेता देवेंद्र सिंह राजू ने इस व्यवस्था की हकीकत सामने लाते हुए आरोप लगाया है कि बिना जांच किए ही शिकायतों का निस्तारण दिखाया जा रहा है।
भाजयुमो के पूर्व जिलाउपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह राजू ने बताया कि उन्होंने लार नगर पंचायत के घारी वार्ड में खराब पड़े सरकारी हैंडपंप को लेकर जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि संबंधित विभाग ने बिना मौके पर जांच किए ही शिकायत को निस्तारित दिखा दिया, जबकि हैंडपंप अब भी खराब है और स्थानीय लोग पेयजल के लिए परेशान हैं। यह कोई एक मामला नहीं है, बल्कि कई शिकायतों में इसी तरह कागजी निस्तारण कर दिया जाता है। इससे न सिर्फ आम जनता गुमराह हो रही है, बल्कि सरकार की मंशा पर भी सवाल उठ रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारी पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस गंभीर लापरवाही पर तत्काल रोक नहीं लगी, तो वह मुख्यमंत्री के जनता दरबार में पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत करेंगे और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे।
वहीं, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी बृजेश गुप्ता ने कहा कि बिना शिकायतकर्ता से बातचीत किए किसी भी मामले का निस्तारण नहीं किया जाता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह स्वयं शिकायतकर्ता से बात कर पूरे मामले की जांच करेंगे और यदि कहीं कोई कमी पाई जाती है तो आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।