केस उठाने के लिए दबाव बनाने का लगाया आरोप
बनकटा/रामपुर बुजुर्ग। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के बनकटा चित्रसेन गांव निवासी बिगनी देवी ने एसपी को शिकायती पत्र देकर थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक पर मुकदमा उठाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक विगत दिनों पूर्व गांव के कुछ लोगों ने महिला की नाबालिग लड़की को अपशब्दों का प्रयोग करते हुए दोनों को मारपीट कर घायल कर दिया था। मामले में श्रीरामपुर थाने में आरोपियों के विरुद्ध बलवा समेत कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था। विवेचक 12 और 13 जनवरी को स्थलीय निरीक्षण के लिए महिला के घर गए। आरोप है कि विवेचक लगातार मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बना रहे हैं। पीड़िता से पूछताछ कम कर रहे हैं तथा पीड़िता को ही जेल भेज देने की धमकी दे रहे हैं। महिला ने एसपी को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच से विवेचक को हटाकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस संबंध में उपनिरीक्षक उमाशंकर यादव ने आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। संवाद