बीएसएफ जवान ने पुलिस पर लगाया बदसलूकी का आरोप
बरहज। क्षेत्र के गड़ौना गांव निवासी बीएसएफ जवान मोहम्मद इमामुल हक ने डीएम अमित किशोर से मिल कर स्थानीय पुलिस के जिम्मेदारों पर बदसलूकी करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में डीएम ने एसडीएम और सीओ बरहज को जांच करने का निर्देश दिया है। बताया जा रहा है कि बीएसएफ के जवान का पड़ोसी से नाबदान को लेकर विवाद चल रहा है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है।
शनिवार को बीएसएफ जवान मोहम्मद इमामुल हक ने डीएम से मिलकर बरहज इंस्पेक्टर पर बदसलूकी का आरोप लगाया है। जबकि जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत की है। शिकायत में कहा गया है कि संपूर्ण समाधान दिवस पर नाली विवाद को लेकर मां जैतुनिशा पत्नी मोहम्मद इस्लाम ने शिकायत की थी। दस जनवरी को छुुट्टी पर गांव आया। मामले को लेकर थाने पर बुलाया गया था जहां पहुंचने पर पुलिस ने बदसलूकी करते हुए धमकी दी। जबकि इंस्पेक्टर जयंत कुमार सिंह ने बताया कि जांच के दौरान बीएसएफ के जवान सहित दूसरे पक्ष पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। दोनों पक्षों में 2010 में भी विवाद होने की बात सामने आई है जिसमें बाद में सुलह-समझौता हो गया था। इस संबंध में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुमित यादव बताया कि निर्देश मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।