पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को दिया आवेदन, पुलिस ने आवेदन मिलने से किया इंकार
- दुकान को ले दीवानी न्यायालय में चल रहा मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। शहर के स्टेशन रोड गेट नंबर एक के सामने पान, जर्दा की दुकान चलाने वाले दुकानदार व उसके बेटे के साथ बुधवार की देर शाम करीब एक दर्जन लोग मारपीट करते हुए जबरन दुकान पर ताला बंद करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ताला खोलवा दिया और न्यायालय का आदेश आने तक किसी प्रकार का वाद-विवाद न करने के लिए कहा। बृहस्पतिवार को पीड़ित दुकानदार ने कोतवाली पुलिस को आवेदन देते हुए एक दर्जन लोगों पर मारपीट करने व गल्ले से 50 हजार रुपये निकाल लेने का आरोप लगाया है। बताते चलें कि दुकान को लेकर न्यायालय में मुकदमा चल रहा है।
पुलिस को दी गई तहरीर में अशोक चौरसिया ने बताया कि बुधवार को मैं अपनी दुकान पर अपने पुत्र आशीष चौरसिया के साथ दुकानदारी कर रहा था। तकरीबन 11:30 बजे अपने मुकदमे की पैरवी के सिलसिले में अपने अधिवक्ता के पास गया हुआ था। दुकान पर मेरा पुत्र अकेले बैठा था कि अचानक दुकान पर करीब 15-20 लोग पहुंचे और मेरे पुत्र से हाथापाई करने लगे। इसकी सूचना मिलने पर भागकर किसी तरह दुकान पर आया तो देखा कि मेरे लड़के को उपरोक्त लोग मारपीट कर बाहर निकाल रहे। मुझे देखते ही मुझसे भी मारपीट करते हुए दुकान में ताला बंद करने लगे। इस दौरान मेरे पुत्र के गले से सोने की चेन व दुकान के गल्ले से 50 हजार निकाल लिए। सारी घटना मेरी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकाॅर्ड हो गयी।
इस संबंध में कोतवाल वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। दोनों पक्षों को बुलाकर समझा-बुझा दिया गया। न्यायालय का फैसला आने तक किसी प्रकार का विवाद न करने की हिदायत दी गई है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।