धूप में खड़े होकर इंतजार करना बन रही मजबूरी, भीड़ बढ़ने पर यात्रियों की सांसत
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। रोडवेज की संचालन व्यवस्था अनुबंधित बसों के हवाले हो गई है। निगम ने अपनी अच्छी कंडीशन वाली 38 बसों को चुनाव ड्यूटी में भेज दिया है। ऐसे में परिसर में केवल अनुबंधित बसें ही दिख रही हैं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बृहस्पतिवार को धूप में खड़े होकर और लू के थपेड़ों को सहते हुए बड़हलगंज, बरहज, कसया, पडरौना, भिंगारी बाजार के यात्रियों ने दो से तीन घंटे तक गाड़ियों के आने का इंतजार किया।
रोडवेज की 38 बसों के चुनावी ड्यूटी में चले जाने का बड़ा असर अब देवरिया डिपो परिसर में दिखने लगा है। लगन के चलते बृहस्पतिवार को अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक यात्री बसों में दिखे। किसी को सीट मिली तो किसी ने खड़े होकर ही यात्रा करना मुनासिब समझा। शादी-विवाह में शामिल होने जा रहे अटैची, ट्राॅली बैग के साथ जाने वाले यात्रियों को भीड़ के चलते सामान चढ़ाने-उतारने में दिक्कत हुई।
आलम यह है कि बसों की कमी का खामियाजा यहां आने वाले हर यात्री को भुगतना पड़ रहा है। ऐसे में उन्हें परिसर में खड़े होकर गंतव्य तक जाने के लिए दो से तीन घंटे तक बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को दोपहर 1:15 बजे रोडवेज परिसर में यात्रियों की भीड़ के आगे कम बसें दिखीं।
बरहज, भागलपुर, भिंगारी जाने वाली बसों में पैर रखने की जगह भी नहीं बची थी, जबकि इन बसों के चालक व परिचालक कुछ देर के लिए बसों में नहीं दिखे। जिनके दिखे वह पूछ-पूछ कर सवारी बैठाते दिखे।
सलेमपुर व लार के लिए तो थोड़ी देर में बसें मिल भी जा रही थीं, लेकिन कई यात्रियों को जगह नहीं मिलने पर उन्होंने खड़ा होकर ही यात्रा करने में भलाई समझी। दोहरीघाट, बड़हलगंज, कसया, पडरौना के लिए बसों का अभाव रहा। ऐसे में यात्रियों को कड़ी धूप में परिसर में खड़े होकर वाहनों का इंतजार करना पड़ रहा था। स्पीकअप
बड़हलगंज जाना है, लेकिन दो घंटे के इंतजार के बाद भी अब तक बस नहीं मिली है। कोई बस आ रही है तो कुछ ही देर में इतनी भीड़ हो जा रही है कि खड़े होने की जगह भी नहीं बच रही है।
-विकास गौतम, यात्री
बरहज जाने के लिए मारे-मारे फिर रहे हैं। इतनी धूप और लू में खड़े होकर बसों का इंतजार करना कठिन कार्य है। जिम्मेदारों को समय से यात्रियों को बस की सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए।
-आयुष, यात्री
कोट
जहां के यात्री दिख रहे हैं, अनुबंधित बसों को पहले वहां चलाया जा रहा है। बेड़े से निगम की 38 बसों के निकल जाने से संचालन व्यवस्था प्रभावित हुई है। यात्रियों को बस समय से मिले, इसके लिए इंतजाम कराया जा रहा है।
-राकेश पति त्रिपाठी, वरिष्ठ केंद्र प्रभारी देवरिया डिपो