देवरिया। ग्राम पंचायत सचिवों के भ्रष्टाचार में संलिप्त होने के आरोप लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शायद ही कोई ऐसा गांव हो जिसके सचिव पर आरोप न लग रहे हो। अब तरकुलवा विकास खंड के क्लस्टर ग्राम सोन्हुला रामनगर के सचिव पर कुटुंब रजिस्टर की नकल व मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। इस मामले में पीड़ित ने डीपीआरओ को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
सोन्हुला रामनगर गांव के रहने वाले दीपू प्रसाद ने जिला पंचायत राज अधिकारी को शिकायती पत्र देकर बताया है कि उनकी माता की मृत्यु हो गई है। वह 12 सितंबर को अपने सहयोगी अश्विनी सिंह के साथ सचिव से कुटुंब रजिस्टर की नकल एवं मृत्यु प्रमाणपत्र प्राप्त करने गए थे। आरोप है कि ग्राम सचिव ने कुटुंब रजिस्टर की नकल और मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए उनसे एक हजार रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर नकल देने से इंकार कर दिया। उनके सहयोगी अश्वनी सिंह जब इस बाबत पूछताछ करनी चाही तो वे आग बबूला होकर उनके साथ अभद्र व्यवहार पर उतारू हो गए, बिना रुपये के किसी भी कीमत पर नकल देने से मना कर दिया।