देवरिया के सलेमपुर में एक पिता फरियाद लगा रहा है। कोतवाली थाने पहुंच उसने कहा, साहब! दहेज के लिए मेरी बेटी की उसके ससुराल वालों ने गला दबाकर हत्या कर दी है। मेरी मदद करिए। शुक्रवार की सुबह कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव के पीड़ित पिता ने लार थानाध्यक्ष को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली थाना क्षेत्र के अनुआपार गांव निवासी नंद किशोर कुशवाहा ने अपनी बेटी अंजलि की शादी 15 मई 2023 को लार थाना क्षेत्र के अजना गांव निवासी सत्येंद्र कुशवाहा के साथ की थी। शुक्रवार को नंद किशोर ने लार थाना में पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि बेटी की शादी के समय सामर्थ्य के अनुसार दहेज देकर की थी।
मेरी बेटी जब ससुराल गई तो ससुराल वाले बाइक के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। बेटी के कहने पर मैंने दो साल के अंदर मोटरसाइकिल देने की भी बात स्वीकार कर ली। इसके बावजूद ससुराल वाले मेरी बेटी को पीटते थे। 26 मई को अंजलि ने मुझे फोन कर बताया कि उसकी ससुराल वाले उसे मार रहे हैं।
मैं उस समय गुजरात में था। आने के बाद पता चला कि उसके पति सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
सीओ दीपक शुक्ला ने बताया कि लार पुलिस को तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।