पुलिस पर पर्चा वापसी के लिए दबाव बनाने का आरोप
देवरिया। सदर ब्लॉक क्षेत्र से सपा से प्रमुख पद के प्रत्याशी सोहन गुप्ता के भाई मोहन गुप्ता ने पुलिस पर प्रताड़ित करने एवं पर्चा वापसी के लिए दबाव बनाने का आरोप मढ़ा है। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात उन्हें घर से उठा लिया और 15 घंटे बाद छोड़ा।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने रात में 12 बजे ही उन्हें उठा लिया और दबाव बनाने लगी कि सपा से उनके भाई ब्लॉक प्रमुख पद के प्रत्याशी हैं और उनका पर्चा वापस ले लें। लेकिन वह पुलिस और जिला प्रशासन के दबाव के आगे नहीं झुकेंगे। पूरा प्रशासन और भाजपा सरकार इस कुकृत्य में लगी है। अन्य प्रत्याशियों को डराया-धमकाया जा रहा है। हम एक वोट ही पाएंगे, लेकिन पर्चा वापस किसी भी कीमत पर नहीं लेंगे। इस चुनाव में भाजपा के लोग दबंगई पर उतरकर सपा कार्यकर्ताओं को मारकर भगा दे रहे हैं। गोरखपुर में ही ऐसा हो चुका है। 15 घंटा कोतवाली में बैठाया गया। जनता सब देख रही है और इसका सबक भी सिखाएगी।