संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी सौगात मिलने जा रही है। खोरीबारी में करीब एक करोड़ बीस लाख की लागत से कृषि कल्याण भवन का निर्माण होगा। भवन बन जाने से विकास खंड के हजारों किसानों को कृषि से जुड़ी सुविधाएँ एक ही स्थान पर मिल सकेंगी। शुक्रवार को राजस्व विभाग की टीम ने चिन्हित भूमि का सीमांकन कर दिया।
इसके बाद अब निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद तेज हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से कृषि कल्याण भवन की मांग की जा रही थी। सूत्रों के अनुसार, भवन में कृषि विभाग का कार्यालय, किसान सलाह केंद्र, प्रशिक्षण हॉल और मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला जैसी सुविधाएँ होंगी। इसके अलावा, किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, कृषि यंत्रों पर अनुदान और बीज-खाद वितरण योजनाओं से संबंधित सेवाएँ भी यहीं उपलब्ध होंगी।
भवन में कृषि यंत्र बैंक स्थापित किए जाने की भी संभावना है, ताकि किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र किराए पर मिल सकें। साथ ही, पशुपालन, उद्यान और मत्स्य विभाग की इकाइयाँ भी यहां से कार्य करेंगी। किसानों का कहना है कि यह भवन उनके लिए वन-स्टॉप सेंटर साबित होगा।
अब कृषि से जुड़ी योजनाओं और जानकारी के लिए भटनी या देवरिया शहर की दौड़-भाग नहीं करनी पड़ेगी। स्थानीय लोगों ने सरकार और प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है। जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह ने बताया कि भटनी में कृषि कल्याण भवन बनाने के जमीन की तलाश की जा रही थी।
राजस्व विभाग के प्रयास से खोरीबारी में जमीन मिल गई है। जल्द ही भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।