धान खरीद में छोटे किसानों को मिले प्राथमिकता : कृषि मंत्री
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने की डेंगू नियंत्रण व धान खरीद की समीक्षा बैठक, दिए आवश्यक निर्देश
डेंगू की रोकथाम के लिए विशेष सफाई अभियान चलाने एवं नियमित फॉगिंग करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने रविवार को डेंगू नियंत्रण एवं जनपद में हो रहे विकास कार्यों व धान खरीद की समीक्षा बैठक मेडिकल कॉलेज सभागार में ली। कहा कि क्रय केंद्र पर आने वाले हर किसान का धान अवश्य खरीदा जाए। इसमें छोटे किसानों को प्राथमिकता दी जाए। वहीं, कहा कि डेंगू के मरीजों के इलाज में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जांच व इलाज मुहैया कराई जाए।
कृषि मंत्री ने कहा कि डेंगू के नियंत्रण के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग कराने एवं एंटी लार्वा दवा के छिड़काव कराया जाए। कहा कि डेंगू के मच्छर साफ पानी में पनपते हैं। ऐसे में आम लोगों को जागरूक किया जाए कि वे अपने आस-पास, कूलर, बर्तन, टायर आदि में पानी एकत्र न होने दें। उन्होंने सभी नगर निकायों एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को विशेष सफाई एवं जन जागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
कृषि मंत्री ने धान खरीद की समीक्षा करते हुए कहा कि क्रय केंद्र पर आने वाले प्रत्येक किसान का धान अवश्य खरीदा जाए। एडीएम वित्त एवं राजस्व नागेंद्र कुमार सिंह ने कृषि मंत्री को बताया कि अभी तक 132 किसानों से 373 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है। इस पर कृषि मंत्री ने किसानों से डोर-टू-डोर संपर्क कर क्रय केंद्र पर आने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अतिवृष्टि एवं बाढ़ से हुई किसानों की फसल क्षति की क्षतिपूर्ति के बारे में भी जानकारी प्राप्त ली।
एडीएम वित्त एवं राजस्व ने बताया कि फसल क्षति आकलन के बाद कुल 7,456 किसानों के खाते में 2,42,18108 रुपये भेजे जा चुके हैं। कृषि मंत्री ने जिले में खाद एवं बीज की उपलब्धता के विषय में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
इस दौरान बरहज के विधायक दीपक मिश्रा शाका, सीडीओ रवींद्र कुमार, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य राजेश कुमार बरनवाल, सीएमओ डॉ. राजेश झा, एडीएम प्रशासन गौरव श्रीवास्तव, एडीएम वित्त एवं राजस्व नागेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम सौरभ सिंह, सीएमएस डॉ. एएन वर्मा, उप निदेशक कृषि विकेश कुमार पटेल, ईओ रोहित सिंह, जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुज्जमिल सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।
- फोटो
डेंगू के मरीज को जांच व उपलब्ध कराई जाए इलाज : कृषि मंत्री
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण
बीस बेड के डेडिकेटेड सेंटर को भी देखा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। डेंगू के प्रकोप को देखते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने रविवार को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने डेंगू की जांच तथा पुष्टि होने पर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कृषि मंत्री सुबह लाव-लश्कर के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। इसके बाद अस्पताल में बने पांच बेड के वार्ड में पहुंचे, जहां सभी बेड पर मरीज भर्ती थे। उन्होंने व्यवस्था का जायजा लिया। यहां से दस बेड के डेंगू वार्ड को देखा, जहां साफ-सफाई तथा बेड पर मच्छरदानी लगी थी। उन्होंने पीआईसीयू का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।
इसी क्रम में वह जिला महिला अस्पताल परिसर स्थित एमसीएच विंग पहुंचे, जहां प्रथम तल पर बीस बेड के स्थापित किए जा रहे डेडिकेटेड सेंटर का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि डेंगू के नियंत्रण के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं।
कृषि मंत्री ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को निर्देश दिए कि जिला अस्पताल में आने वाले डेंगू के हर संदिग्ध मरीज की समय से जांच कराई जाए और रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि होने पर उसे इलाज मुहैया कराया जाए। उन्होंने डेंगू मरीजों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कृषि मंत्री ने डेंगू वार्ड में भर्ती मरीजों का जाना हाल
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने निरीक्षण के दौरान डेंगू वार्ड में भर्ती मरीजों से की बातचीत की। उन्होंने मरीजों से अस्पताल में मिल रहीं चिकित्सकीय सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही मरीजों का हर संभव सहायता के लिए आश्वस्त किया। इस दौरान प्राचार्य डॉ. राजेश बरनवाल, सीएमओ डॉ. राजेश झा, एसीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सीएमएस डॉ. एएम वर्मा, डॉ. आरके श्रीवातव, भाजपा नेता जयनाथ कुशवाहा, छट्ठे लाल निगम, अजय उपाध्याय, भूपेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।